मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के समापन कार्यक्रम में पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को देहरादून में आयोजित मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके प्रदर्शन की सराहना की।
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। नई खेल नीति लागू होने के बाद खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं और खेलों को नई पहचान भी मिली है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में आउट ऑफ टर्न नियुक्ति दी जा रही है। इसके साथ ही राज्य में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का भी योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जा रहा है, ताकि युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
विजेता टीम को 5 लाख रुपये का चेक
ननूरखेड़ा मिनी स्टेडियम में मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के राज्य स्तरीय मुकाबलों में देहरादून जनपद की टीम विजेता बनी। विजेता टीम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया।
