देहरादून। उत्तराखंड में जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी का सिलसिला लगातार जारी है। नैनीताल और उत्तरकाशी जिला न्यायालय के बाद अब देहरादून और हरिद्वार जिला कोर्ट को भी धमकी भरा ई-मेल मिला है। यह लगातार तीसरे दिन ऐसी धमकी का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जिला जज कार्यालय की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ाते हुए चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट में मौजूद कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या कोई लावारिस वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में उत्तराखंड के कई अन्य जिला न्यायालयों को भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, बार काउंसिल चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
